ललितपुर। संचारी रोग अभियान के तहत नगर पालिका द्वारा कार्रवाई शुरू की गई है। गुरूवार को अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा के निर्देशन में पालिका की टीम द्वारा शहर क्षेत्र में व्यापक छापामार अभियान चलाया गया, जिसमें प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त करते हुए दुकानदारों से जुर्माना वसूल किया गया। इसके अलावा सब्जी मण्डी, फल मार्केट एवं नझाई बाजार में अभियान चलाकर टीम द्वारा सड़े गले फल जब्त करते हुए दुकानदारों को चेतावनी दी गई।

नगर पालिका द्वारा संचारी रोग अभियान को लेकर पहल की जा रही है, जिसके क्रम में गुरूवार को अभियान चलाकर टीम द्वारा 6 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त करते हुए 3 हजार रूपए जुर्माना वसूल किया गया। साथ ही साथ दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि प्रतिबंधित पॉलीथिन का प्रयोग न करे। अभियान के दौरान यदि किसी भी दुकानदार के पास पॉलीथिन पाई जाएगी, तो उनके विरूद्ध जुर्माना वसूल के अलावा वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। टीम द्वारा अलग अलग स्थानों पर लगी सब्जी एवं फल की दुकानों पर भी अभियान चलाया गया, जिसमें भारी संख्या में सड़े गले फल एवं सब्जियां जब्त कर नगर पालिका सीमा के बाहर नष्ट की गई। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस दौरान कर अधीक्षक/प्रभारी सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राजेश जैन, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक जितेन्द्र स्वरूप तिवारी, हेड सुपर वाइजर संजय कुमार, गैरिज प्रभारी अमित कुमार रिंकू सहित पालिका के सफाईर्मी मौजूद रहे।







