ललितपुर। उत्तर प्रदेश के पिछड़े जिलों में गिने जाने वाले ललितपुर में अब रोजगार और औद्योगिक विकास को लेकर सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। जिलाधिकारी श्री अक्षय त्रिपाठी की अगुवाई में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए मंगलवार को कलैक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्यमियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि वे शिक्षा के साथ-साथ रोजगार को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास तेज किए गए हैं। स्वयं जिलाधिकारी ने बैंकों में जाकर आवेदनों की समीक्षा की और तेजी से ऋण स्वीकृति सुनिश्चित कराई है।
जिलाधिकारी ने बीघाखेत में विकसित किए जा रहे नए औद्योगिक आस्थान की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए यू.पी.एस.आई.सी. के अवर अभियंता को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही चिन्हित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों के सीमांकन के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
लखनपुरा और चंदेरा औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की समस्या पर भी चर्चा हुई। लखनपुरा में बिजली की समस्या के समाधान हेतु अधिशासी अभियंता विद्युत को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया, जबकि चंदेरा में स्वतंत्र विद्युत फीडर निर्माण के लिए भूमि चिन्हांकन का कार्य उप जिलाधिकारी सदर को सौंपा गया। चंदेरा में पानी निकासी और गेट निर्माण संबंधी प्रस्ताव निदेशालय को भेजा जा चुका है।
मिनी औद्योगिक आस्थान तालबेहट में एक हैंडपंप और हाईमास्ट लाइट लगाने के प्रस्ताव को ‘क्रिटिकल गैप फंड’ से मंजूरी दे दी गई है। इसके अलावा जिलाधिकारी ने सभी इकाइयों को ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण कराने और विभिन्न अधिनियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, जिला विकास अधिकारी, विद्युत विभाग, पंचायत राज, नगर पालिका, खनन, भूगर्भ जल, राजकीय आईटीआई, खाद्य विभाग समेत कई विभागों के अधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे। बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग ने किया।
अंत में उपस्थित उद्यमियों ने जिलाधिकारी श्री त्रिपाठी को उनके जन्मदिवस पर पुष्पगुच्छ व मालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दीं और उनके प्रयासों की सराहना की।






