जनपद ललितपुर के मिर्चवारा गांव के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बजाज पावर प्लांट से राख ले जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने आधा दर्जन से अधिक गौवंश को बेरहमी से रौंद दिया। इस दुर्घटना में कई गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल होकर तड़पती रहीं।
स्थानीय ग्रामीणों और गौसेवकों में इस हृदयविदारक घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, बजाज पावर प्लांट से नियमित रूप से भारी वाहन अत्यधिक तेज रफ्तार से ग्रामीण इलाकों से गुजरते हैं, जिससे आम नागरिकों और बेजुबान जानवरों की जान को खतरा बना रहता है।
बजरंग सेना और क्षेत्रीय गौप्रेमियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी हैं:

- डंपर चालक एवं बजाज पावर प्लांट के प्रबंधन, विशेष रूप से स्थानीय अधिकारी पी.के. सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
- तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने हेतु स्पीड लिमिट निर्धारण, सीसीटीवी निगरानी, और वाहन चेकिंग कैंप आयोजित किए जाएं।
- घायल गौवंश का तत्काल चिकित्सीय उपचार कराया जाए।
- मृत गायों का विधिपूर्वक अंतिम संस्कार कराया जाए तथा पंचायत स्तर पर रिपोर्ट तैयार कर पीड़ितों को उचित मुआवजा दिया जाए।
- क्षेत्र को “गौ-संवेदनशील क्षेत्र” घोषित कर, पशुधन की सुरक्षा हेतु विशेष निगरानी दल गठित किया जाए।
- जिन पशु स्वामियों द्वारा जानवरों को उपयोग के बाद आवारा छोड़ दिया जाता है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसे ग्राम प्रधानों पर भी कार्रवाई हो, जो जानबूझकर अन्ना पशुओं को सड़क पर खुला छोड़ते हैं।
बजरंग सेना ने कहा है कि यह केवल एक कानूनी मुद्दा नहीं, बल्कि मानवता और सनातन संस्कृति से जुड़ा विषय है। यदि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता, तो संगठन आंदोलनात्मक रुख अपनाने को बाध्य होगा।






