ललितपुर, 25 जून। राष्ट्रीय आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर ‘आपातकाल दिवस’ कार्यक्रम के तहत कलैक्ट्रेट सभागार में संगोष्ठी, लघु फिल्म, प्रदर्शनी व लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी श्री अंकुर श्रीवास्तव ने की, वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री कैलाश नारायण निरंजन मुख्य अतिथि रहे।
गोष्ठी में आपातकाल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसके प्रभाव व लोकतंत्र की मजबूती पर चर्चा की गई। इसके उपरांत 20 से अधिक लोकतंत्र सेनानियों व उनके परिजनों को अंगवस्त्र व पुष्पमाला से सम्मानित किया गया।
इसके बाद आपातकाल पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया, जिसमें उस काल की प्रमुख घटनाएं व दस्तावेज चित्रात्मक रूप में प्रस्तुत थे। कार्यक्रम में सभी उपस्थितजनों ने प्रदर्शनी को प्रेरणादायक बताते हुए हस्ताक्षर कर सहभागिता दर्ज की।






