ललितपुर। जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश ने आज सोमवार को मा0 सदर विधायक श्री रामरतन कुश्वाहा के साथ शहर से निकली बड़ी नहर के पुल के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर चल रहे कार्य का जायजा लिया और जल्द से जल्द कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि कई माध्यमों से पुल निर्माण के कारण आमजन को आवागमन में हो रही परेशानियों की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, लोक निर्माण विभाग द्वारा कराये जाने रहे इस कार्य की धीमी प्रगति से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर करते हुए मौके पर उपस्थित लोक निर्माण विभाग अधिशासी अभियंता को निर्देश दिये कि 10 दिनों के भीतर पुल निर्माण के कार्य में तेजी लाते हुए स्लैव डलवाने का कार्य पूर्ण करायें और आवागमन की व्यवस्था करें। इस दौरान मा0 सदर विधायक ने भी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जनवरी माह के भीतर ही आवागमन सुचारु कराने की व्यवस्था करें, आम जनता को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए, इसके अलावा पुल के कार्य को पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण करायें।
अधिशासी अभियंता लो0नि0वि0 ने बताया कि यह कार्य मार्च 2025 में प्रारंभ किया गया था, जो 85 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है।
मौके पर अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग विजय चन्द्र, सहायक अभियंता रोहित त्रिपाठी व अन्य उपस्थित रहे।
सूचना विभाग ललितपुर द्वारा प्रसारित
प्रेस विज्ञप्ति संख्या 115, माह दिसम्बर 2025





