ललितपुर के जाखलौन कस्बे में सोमवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक मगरमच्छ अचानक आबादी के पास पहुंच गया। घटना मोहल्ला गणेशपुरा मंदिर के निकट की है। जहां बच्चों ने शाम करीब 5 बजे मगरमच्छ को देखा। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो मगरमच्छ पास के खेत की पानी से भरी चरई में घुस गया।

ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। अधिकारियों ने बताया कि मगरमच्छ की लंबाई लगभग 5 फीट और वजन करीब 35 किलो था।

रेस्क्यू टीम ने मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित बेतवा नदी में छोड़ दिया। वन कर्मियों का कहना है कि संभवतः मगरमच्छ जाखलौन पंप केनाल या आसपास के नालों से बस्ती तक पहुंच गया था।रेस्क्यू अभियान में वन दरोगा राजनारायण, चंदू माली, वॉचर नरेंद्र, हल्के और सुरक्षा कर्मी सरनाम सिंह शामिल रहे।






