ललितपुर कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम रघुनाथपुरा में एक विचित्र घटना सामने आई। हरियाणा के हिसार के सिंगपुरा निवासी 45 वर्षीय कथित बाबा जगदीश पिछले तीन दिनों से गांव में ठहरा हुआ था।

शनिवार की शाम बाबा ने गांव के निवासी मुन्नीलाल को थप्पड़ मार दिया। ग्रामीणों के विरोध करने पर वह आक्रामक हो गया। उसने चाकू निकालकर जानकी प्रसाद, रामसिंह और किशोरी पर हमला कर दिया। बचाने आए अन्य ग्रामीणों को भी उसने घायल कर दिया। इस हमले में दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हुए।

आक्रोशित ग्रामीणों ने बाबा की पिटाई कर दी और उसके हाथ बांध दिए। बाबा के पास से दूरबीन, चाकू और अन्य सामान बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सदर अनुराग अवस्थी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।






