ललितपुर के कस्बा महरौनी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। शनिवार शाम को पंखा ठीक करते समय करंट लगने से बीए द्वितीय वर्ष के छात्र की मौत हो गई।

मृतक की पहचान ग्राम टोरिया निवासी 19 वर्षीय शिवम कुशवाहा के रूप में हुई है। वह महरौनी के मोहल्ला कछयाना में सुनील कुशवाहा के मकान में किराए पर रहता था। शिवम राजकीय महाविद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को कोचिंग भी पढ़ाता था।
शनिवार शाम करीब 3 बजे कोचिंग के छात्र जब शिवम के कमरे पर पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद छात्रों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खोला तो अंदर शिवम का शव पड़ा मिला।

उसके शरीर से बिजली का तार और पंखा चिपका हुआ था। माना जा रहा है कि पंखा ठीक करते समय करंट लगने से उसकी मौत हुई। चाचा राकेश कुशवाहा ने बताया कि शिवम पढ़ाई में होशियार था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश प्रताप सिंह के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।






