ललितपुर जिले के ग्राम चिकलौआ स्थित जैन मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी अविचन्द्र उर्फ छोटू राजा और उसका साथी रावसाहब हैं।

अविचन्द्र तीन दिन पहले ही अहमदाबाद से लौटा था। वह वहां मजदूरी करता था। कर्ज चुकाने के लिए उसने गांव के ही युवक रावसाहब को मंदिर में सोने की मूर्ति होने का लालच दिया। आरोपी ने बताया कि 15 साल पहले मंदिर से सोने का कलश चोरी हुआ था। इससे उसे लगा कि मंदिर में सोने की मूर्तियां हैं।

सोमवार की रात चोरों ने मंदिर से भगवान की सात अष्टधातु की मूर्तियां चुराईं। साथ ही चांदी के चार मुकुट, चार छत्र, एक कलश और दानपेटी में रखे पैसे भी ले गए। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्तक ने चोरी के खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई थीं।
मंगलवार शाम को सीओ तालबेहट रक्षपाल सिंह के नेतृत्व में थानाध्यक्ष बार अजमेर सिंह भदौरिया की टीम ने चिकलौआ के पास गश्त के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने उनके पास से चोरी की सभी मूर्तियां, चांदी के छत्र, मुकुट और दानपेटी से चुराए गए 4 हजार 360 रुपए बरामद कर लिए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश करेगी।






